करेंट वनलाइनर (20-31 जनवरी, 2018)

  1. मध्य प्रदेश के धार जिला स्थित पीथमपुर में एशिया का सबसे बड़ा ऑटो टेस्टिंग ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। केंद्रीय भारी उद्योग राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो ने 29 जनवरी, 2018 को इसका लोकार्पण किया। इस ट्रैक पर ऑटो मोबाइल कंपनियां अपने नए वाहनों का परीक्षण करेंगी। यहां रिसर्च और डेवलपमेंट का भी काम होगा। इस ट्रैक को इतना अत्याधुनिक बनाया गया है कि जब भी स्वदेशी वाहन बनें तो इनकी टेस्टिंग हो सके। विश्वस्तरीय ऑटो टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रलय और मध्य प्रदेश सरकार ने मिलकर किया है।
  2. भारत के दिग्गज शटलर प्रकाश पादुकोण को भारतीय बैडमिंटन संघ लाइफ टाइम एचीवमेंट अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने के बाद पादुकोण पहला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।
  3. रेलवे ने सुचारु परिचालन और पटरियों (ट्रैक) की सुरक्षा के लिए अब उत्तर प्रदेश के ग्राम प्रधानों की मदद लेने का फैसला किया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी ट्रैक के किनारे के गांवों के प्रधानों को देशप्रेम का पाठ पढ़ाकर ट्रैक की निगरानी के लिए सहयोग करने को प्रेरित करेंगे। इसी के साथ ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पर पशुओं को विचरण करने से रोकने को कहा जाएगा ताकि ट्रेनों का परिचालन में बाधा न आए।
  4. रामसिंह परमार गुजरात कोआपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के फिर अध्यक्ष चुने गए। फेडरेशन देश-विदेश में लोकप्रिय भारतीय ब्रांड अमूल का संचालन करती है। गुजरात की करीब 18 दुग्ध सहकारी मंडलियों से मिलकर बना जीसीएमएमएफ का सालाना टर्न ओवर 27,000 करोड़ रुपये है। अमूल के दुग्ध उत्पादों का निर्यात भारत के अलावा अमेरिका, यूरोप व एशिया के कई देशों में भी होता है.
  5. सत्ताधारी नगा पीपुल्स फ्रंट सहित नगालैंड के सभी राजनीतिक दलों ने 29 जनवरी, 2018 को विधानसभा चुनावों का बहिष्कार का एलान कर दिया। राजनीतिक दलों ने फैसला किया कि प्रदेश में 27 फरवरी को होने वाले चुनावों में वे भाग नहीं लेंगे। ये पार्टियां आदिवासी संगठनों और नागरिक समाज समूहों की उस मांग से सहमत हैं जिनमें चुनाव से पहले दीर्घकालीन नगा रानजीतिक समस्या के हल का अनुरोध किया गया है।
  6. कर्नाटक में विजयपुर के आध्यात्मिक गुरु सिद्धेश्वर स्वामीजी ने पद्मश्री पुरस्कार लेने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सिद्धेश्वर स्वामीजी को पद्मश्री देने की घोषणा की गई थी। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में आध्यात्मिक गुरु ने कहा कि आध्यात्मिकता अपनाने के बाद उन्हें पुरस्कारों में रुचि नहीं है।
  7. केरल के मालापुरम में कुरान सुन्नत सोसायटी की महासचिव जामिता ने लैंगिक बंधन को तोड़ते हुए जुमे (शुक्रवार) की नमाज की अगुआई की। दावा है कि देश के इतिहास में ऐसा करने वाली वह पहली महिला हैं।
  8. देश के 47 करोड़ से ज्यादा असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा तंत्र में लाने के लिए उन्हें अनऑर्गनाइज्ड वर्कर इंडेक्स नंबर यानी यूडब्ल्यूआइएन कार्ड (UWIN) जारी किया जाएगा। अगले वित्त वर्ष की शुरुआत से इसके लिए पंजीकरण पूरे देश में आरंभ होगा।। इसमें पंजीकरण के बाद श्रमिकों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआइसी) की योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। यूडब्ल्यूआइएन कार्ड यूनिक नंबर होगा जो आधार से साथ जुड़ा होगा ताकि श्रमिकों को एक ही जगह पर सभी सुविधाएं मिल सकें।
  9. वैज्ञानिकों ने ‘प्रोजेक्टडीआर’ नामक ऐसी प्रणाली विकसित की है जिसके जरिये जल्द ही डॉक्टरों को मस्तिष्क की त्वचा के अंदर झांकने के लिए स्कैलपल (डॉक्टरों के इस्तेमाल में आने वाली छुरी) की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
  10. ब्रिटेन में भारतीय मूल के 10 साल के बच्चे मेहुल गर्ग ने मेनसा आइक्यू टेस्ट में सर्वाधिक अंक हासिल किए हैं। ऐसा कर वह दशक में सबसे कम आयु में यह उपलब्धि हासिल करने वाला बालक बन गया है। मेहुल ने अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग जैसे कुशाग्र लोगों को पीछे छोड़ दिया है। दक्षिणी इंग्लैंड के रीडिंग ब्वायज ग्रामर स्कूल के छात्र मेहुल गर्ग ने अधिकतम निर्धारित 162 अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही वह हाई आइक्यू सोसायटी, मेनसा का सदस्य बन गया। 1मेहुल का स्कोर आइंस्टीन और हॉकिंग की तुलना में दो अंक अधिक रहा।
  11. चीन ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग की महत्वाकांक्षी परियोजना वन बेल्ट एंड वन रोड (ओबोर) के का खाका पेश किया है। इसमें ओबोर को आर्कटिक तक ले जाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए ग्लोबल वार्मिग के कारण खुले नए रास्तों का जहाजों की आवाजाही के लिए विकास किया जाएगा। चीन ने अपनी आर्कटिक नीति को लेकर आधिकारिक तौर पर पहला श्वेत पत्र जारी किया। इसमें कहा गया है, चीन विभिन्न उद्यमों को बुनियादी ढांचों के निर्माण और प्रायोगिक व्यावसायिक यात्रओं के लिए प्रोत्साहित करेगा। इससे ‘पोलर सिल्क रोड’ आकृति लेगा।
  12. मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले भारतीय वायुसेना के कारपोरल ज्योति प्रकाश निराला को शांति काल का सर्वोच्च वीरता सम्मान ‘अशोक चक्र’ से मरणोपरांत सम्मानित किया गया। असम राइफल्स के ‘ऑपरेशन रक्षक’ अभियान के दौरान नवंबर 2017 में जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा में वे शहीद हो गये थे।
  13. आयकर विभाग के अतिरिक्त आयुक्त 47 वर्षीय कैप्टन प्रदीप शौरी आर्य को अतुलनीय साहस प्रदर्शित करने और जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठिए को मार गिराने के लिए शौर्य चक्र से नवाजा गया है। वह विशेष टेरीटोरियल सैन्य इकाई के साथ संबद्ध हैं। यह पहला मौका है जब एक नौकरशाह को शांतिकाल का तीसरा सर्वोच्च सैन्य वीरता पुरस्कार से नवाजा गाय है। शौरी भारतीय राजस्व सेवा (आइआरएस) में 2004 के अधिकारी हैं।
  14. देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा पर पर खर्च होने वाले 28 हजार करोड़ रुपये में से केंद्र और राज्य का हिस्सा क्रमश: 90 और 10 फीसद होगा। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल से परियोजना की सारी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। परियोजना के पूरा होने में पांच साल लगेंगे। इससे कुल 11.50 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी। इसमें से उप्र की करीब 5.5 लाख हेक्टेयर भूमि होगी। दोनों प्रदेशों के सर्वाधिक सूखा पीड़ित क्षेत्र बुंदेलखंड को इसका सर्वाधिक लाभ होगा।
  15. अमेरिका स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार वैश्विक तापमान में 2014 से 2016 के बीच रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी पिछली शताब्दी की शुरुआत के बाद से 25 से अधिक फीसद की रही। इसके मुताबिक 1900 से 2013 के बीच पृथ्वी की सतह का औसत तापमान करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। वैश्विक तापमान के रिकॉर्ड का विश्लेषण करके शोधकर्ताओं ने पाया कि 2016 के अंत तक वैश्विक सतह के तापमान में अतिरिक्त 0.43 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
  16. 10 लाख रुपपये तक की अधिकृत पूंजी वाली स्टार्ट अप कंपनियों की निःशुल्क पंजीकरण 26 जनवरी, 2018 से आरंभ हो गया। कंपनी मामलों के मंत्रालय के अनुसार आयूएन (रिजर्व यूनिक नेम) नाम से एक नई वेब सर्विस आरंभ की गई है जहां पंजीकरण कराया जा सकता है।
  17. ब्रिटेन की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के 800 साल के इतिहास में पहली बार महिलाओं का दबदबा देखने को मिला है। ऐसा पहली बार हुआ है जब अंडर ग्रेजुएशन के कोर्सो में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं को दाखिला मिला है।
  18. चीन की मोबाइल निर्माता कंपनी शाओमी, सैमसंग को पीेछे छोड़कर भारत में स्मार्ट फोन मार्केट में पहले स्थान पर पहुंच गयी है। विगत छह वर्षों से दक्षिण कोरिया कंपनी सैमसंग पहले स्थान पर हुयी थी।
  19. सोलन स्थित राष्ट्रीय मशरूम अनुसंधान केंद्र के भारतीय वैज्ञानिकों ने हैरेशियम नामक एक विशेष प्रजाति के मशरूम की पौध तैयार करने में सफलता पाई है। इस प्रजाति के मशरूम का उत्पादन देश में पहली बार हुआ है। हैरेशियम मशरूम में ऐसे अनेक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, तंत्रिका तंत्र को स्वस्थ रखने, थकान, मोटापे व झुर्रियों से बचाने में कारगर हैं। इस मशरूम में वीटा गलूकोन, हिस्टो हाइट्रो गलूकोन सहित पोलिस एकराइन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
  20. भारत में पहली बार वर्ल्ड थियेटर ओलंपिक का आयोजन होगा। 8वें वर्ल्ड थियेटर ओलंपिक का आयोजन नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा द्वारा 17 फरवरी-18 अप्रैल, 2018 को देश भर में आयोजित होगा। पूर्वाचल से एक मात्र पूर्वा बनारस थिएटर ग्रुप के ‘बुद्ध : मुक्ति देने नहीं’ नाट्य का भी मंचन किया जाएगा।
  21. महिला एथलीटों के यौन उत्पीड़न के दोषी पाए गए अमेरिकी जिम्नास्टिक टीम के पूर्व चिकित्सक डॉ. लैरी नासर (54) को 175 साल की सजा सुनाई गई है। डॉ. नासर चार ओलंपिक खेलों में अमेरिकी टीम के साथ जुड़ा रहा था। इस दौरान उस पर ओलंपिक विजेताओं समेत करीब 160 खिलाड़ियों के यौन शोषण का आरोप लगा था।
  22. ब्राजील के अपील कोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व राष्ट्रपति लुइज इनेशियो लूला डिसिल्वा को दोषी करार दिए जाने के निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा। इससे इस साल फिर राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की लूला की योजना को तगड़ा झटका लगा है। लूला पर घूस लेने और मनी लांडिंग के आरोप हैं। ब्राजील के कानून के तहत 72 वर्षीय लूला अब चुनाव लड़ने के अयोग्य हो सकते हैं। कानून में अपराधी ठहराए गए राजनेता के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध है।
  23. गणतंत्र दिवस समारोह और आसियान सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्कियाह दिल्ली तक अपना विमान खुद उड़ाकर पहुंचे। वह इससे पहले 2008 और 2012 के दौरे में भी अपना जहाज खुद उड़ाकर भारत आ चुके हैं.
  24. गंगा नदी में हल्दिया से इलाहाबाद तक चलने वाले जहाज पेट्रोल-डीजल से नहीं बल्कि लिक्विड नाइट्रोजन गैस (एलएनजी) से चलेंगे। भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने 1620 किलोमीटर के इस जलमार्ग में ऐसे जहाजों को उतारने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है।
  25. उत्तर प्रदेश दिवस पर राज्य सरकार ने 24 जनवरी, 2018 को को ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना भी शुरू की। इससे प्रदेश में दम तोड़ रहे कुटीर उद्योगों को नई पहचान हासिल हो सकेगी। योजना के तहत सरकार हर जिले के खास उत्पादों के निर्माण, विपणन और प्रसार की सहूलियतें उपलब्ध कराएगा। देश की अर्थ व्यवस्था में 8.4 प्रतिशत भागीदारी के साथ उत्तर प्रदेश तीसरी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था है। राज्य में स्थानीय स्तर पर कई विशेष व्यवसाय समूह हैं। देश के कुल हस्तशिल्प निर्यात में प्रदेश का योगदान 44 प्रतिशत है। इसी तरह कालीन में 39 प्रतिशत तथा चर्म उत्पाद में 26 प्रतिशत है।
  26. अमेरिका ने ब्रिटेन के भारतवंशी आइएस आतंकी सिद्धार्थ धर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है। उसे ‘नया जिहादी जॉन’ के नाम से जाना जाता है। धर ने आतंकी संगठन आइएस में गला रेत कर हत्या करने वाले ‘जिहादी जॉन’ के नाम से कुख्यात मुहम्मद एमवाजी का स्थान लिया है। अमेरिका ने धर के अलावा बेल्जियम-मोरक्को नागरिक अब्देललतीफ गैनी को भी वैश्विक आतंकी घोषित किया।
  27. फेक न्यूज से निपटने के लिए ब्रिटेन की टेरीजा मे सरकार ने नेशनल सिक्योरिटी कम्युनिकेशन यूनिट का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री मे के प्रवक्ता ने बताया, यह यूनिट देश के साथ विदेश से भी फैलाई जाने वाली गलत खबरों को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
  28. चीन को जबाव देने के लिए चीन सीमा के साथ सटे लाहुल-स्पीति जिले के किब्बर में हवाई अड्डा बनाने के लिए केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने का रास्ता साफ होगा। हवाई अड्डा बनाने के लिए प्रदेश सरकार केंद्र को प्रस्ताव भेज रही है। विश्व के सबसे ऊंचे ठंडे मरुस्थल में हवाई अड्डा बनाने का मामला केंद्रीय गृह मंत्रलय के पास पड़ा हुआ है, लेकिन प्रदेश सरकार भी इस मामले में सक्रिय हो गई है।
  29. बाघ सुरक्षा के मद्देनजर देश के सभी 50 टाइगर रिजर्व में अब गश्त पर भी निगाह रखी जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआइआइ) द्वारा विशेष रूप से तैयार एंड्रॉयड बेस मोबाइल एप्लीकेशन ‘एम स्ट्राइप’ का इस्तेमाल किया जाएगा।
  30. भारतीय मौसम विभाग ने देश भर में चीनी उपकरणों का इस्तेमाल अब बंद कर दिया है। इसकी जगह दक्षिण कोरिया के उपकरणों को इस्तेमाल किया जा सकता है। विशेषज्ञों का तर्क है कि चीनी उपकरण सटीक नतीजे नहीं दे रहे थे। मौसम विभाग ने दो साल पहले ऊपरी हवा के दाब, गति, दिशा, तापमान, आद्र्ता इत्यादि के आंकड़ों पर आधारित मौसम की सटीक जानकारी देने के लिए चीन से ग्लोबल पोजिशिनिंग सिस्टम-रेडियो साउंड (जीपीएस-आरएस) उपकरण खरीदे थे।
  31. भारत और रूस के बीच एमआइ-17वी-5 हेलीकॉप्टर के लिए जल्द समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद है। इस संबंध में पिछले साल ही समझौता होने वाला था।
  32. आइआइटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) रुड़की के शोधकर्ताओं ने कैंसर के इलाज की नई तकनीक ईजाद की है। इसके माध्यम से शरीर में केवल कैंसर प्रभावित हिस्से में ही दवा दी जा सकेगी और शरीर के बाकी हिस्सों पर इसका बुरा प्रभाव भी नहीं पड़ेगा। फोटो डायनामिक थैरेपी नामक यह प्रक्रिया प्रभावित भाग को लक्ष्य बनाकर दवा रिलीज करने के कॉन्सेप्ट पर काम करती है।
  33. ग्लोबल एडवाइजरी फर्म पीडब्ल्यूसी ने दुनियाभर के सीईओ के बीच कराए गए सर्वेक्षण में पिछले साल के मुकाबले एक पायदान सुधरकर भारत निवेश के लिहाज से पांचवां सबसे आकर्षक बाजार बन गया है। इसके साथ ही ग्लोबल स्तर पर कारोबारी आशावाद (बिजनेस ऑप्टिमिज्म) भी यहां रिकॉर्ड स्तर पर है। सर्वेक्षण के मुताबिक, 2018 में जापान को पछाड़कर भारत पांचवा सबसे आकर्षक बाजार बन गया है। 2017 में भारत छठे स्थान पर था। दुनियाभर के 46 फीसद सीईओ के समर्थन के दम पर निवेश के लिहाज से अमेरिका सबसे पसंदीदा बाजार बना हुआ है। इसके बाद चीन (33 फीसद), जर्मनी (20 फीसद), ब्रिटेन (15 फीसद) और भारत (नौ फीसद) को क्रमश: दूसरा, तीसरा, चौथा और पांचवां स्थान मिला है।
  34. जापान में माउंट कुसुत्सू शिरीन ज्वालामुखी फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा मध्य जापान में एक स्कीइंग रिजॉर्ट के नजदीक हुआ। कुसुत्सू शिरीन ज्वालामुखी की ऊंचाई 7090 फीट है। जापान में सक्रिय 110 ज्वालामुखियों में से 47 पर 24 घंटे नजर रखी जाती है। सितंबर 2014 में माउंट ओंटेक ज्वालामुखी के फटने से 63 लोगों की मौत हो गई थी। यह जापान के इतिहास में ज्वालामुखी से होने वाला सबसे भयानक हादसा था।
  35. महिला टी-20 विश्व कप इस साल नौ से 24 नवंबर तक वेस्टइंडीज के तीन शहर एंटीगा और बरबूडा, गयाना और सेंट लूसिया में खेला जाएगा।
  36. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित स्मारक सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलते हैं। सौ साल से अधिक पुराना यह नियम वर्तमान में ताजमहल में भी लागू है। लेकिन अब ताजमहल सूर्योदय से आधा घंटे पहले खुलेगा जबकि सूर्यास्त से आधा घंटा पहले बंद होगा। यह नियम 25 जनवरी, 2018 से लागू हो गया।
  37. गणतंत्र दिवस 2018 समारोह के अंग के रूप में भारत सरकार 26 से 31 जनवरी, 2018 तक लाल किले में ‘भारत पर्व’ का आयोजन कर रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्व के जरिये देशभक्ति की भावना, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देना और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना है। आयोजन के लिए पर्यटन मंत्रालय को नोडल मंत्रालय बनाया गया है।
  38. एडलमैन ट्रस्ट बैरोमीटर सर्वेक्षण के अनुसार सरकार, कारोबार, एनजीओ और मीडिया के मामले में भारत दुनिया का तीसरा सबसे भरोसेमंद देश है। इस सर्वेक्षण के मुताबिक, ग्लोबल स्तर पर उपरोक्त चार मानकों को लेकर लोगों का भरोसा काफी हद तक पिछले साल जैसा ही है। सर्वेक्षण में शामिल 28 देशों में से 20 देश गैर भरोसेमंद की श्रेणी में रखे गए हैं। 2017 में इस श्रेणी में 19 देश थे। सर्वेक्षण में दो वर्गो में रैंकिंग दी गई। एक में संबंधित मानकों से जुड़े हुए लोगों से राय ली गई और दूसरे में आम जनता से राय पूछी गई। दोनों वर्गो में क्रमश: 83 और 74 अंक के साथ चीन पहले स्थान पर रहा। वहीं 77 और 68 अंकों के साथ भारत का स्थान तीसरा रहा। इंडोनेशिया सूची में दूसरे स्थान पर रहा।
  39. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार ने उन भारतीयों के लिए हिंदी व अंग्रेजी में मोबाइल ऐप जारी किया है जो काम के लिए वीजा प्राप्त करना चाहते हैं। ज्ञातव्य है यूएई के भारत में तीन वीजा केंद्र दिल्ली, मुंबई व तिरुवनंपुरम में है। यूएई में 26 लाख प्रवासी भारतीय रहते हैं जो उस देश के सबसे बड़े प्रवासी समुदाय हैं।
  40. अमेरिका के टेक्सास प्रांत में भारतीय मूल की तीन वर्षीय बच्ची शेरिन मैथ्युज की मृत्यु के पश्चात ‘शेरिन कानून’ बनाया जा रहा है जहां माता-पिता द्वारा बच्चों को घर में अकेला छोड़कर जाने को अपराध घोषित किया जाएगा।
  41. वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट ने सड़क दुर्घटनाओं में जंगली जानवरों की मृत्यु की सूचना देने के लिए ‘रोडकिल्स’ (Roadkills) नाम से एक मोबाइल ऐप 21 जनवरी, 2018 को लॉन्च किया।
  42. नेपाल में मधेशी बहुल आठ सीमावर्ती जिलों वाले प्रदेश नंबर दो के 83 सांसदों ने हिंदी, मैथिली और भोजपुरी में शपथ ली। नवनिर्वाचित सांसदों के नेपाली भाषा में शपथ ग्रहण करने से इन्कार के बाद उन्हें अपनी मातृभाषा में शपथ ग्रहण करने की अनुमति दी गई। कुल 107 सदस्यों में 47 ने मैथिली, 25 ने भोजपुरी, 11 ने हिंदी में शपथ ली।
  43. भारत सहित दुनिया भर में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मोबाइल फोन कंपनी एप्पल ने ‘मलाला फंड’ समझौता किया है। मलाला फंड पाकिस्तान की नोबेल पुरुस्कार विजेता मलाला यूसुफजई की संस्था है। मलाला हर लड़की को 12 साल तक मुफ्त, सुरक्षित, अच्छी शिक्षा देने की वकालत करती हैं।
  44. आयकर विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देश में दो पुरुषों पर केवल एक महिला के पास स्थायी खाता संख्या या पैन (Permanent Account Number-PAN) है। 31 मार्च, 2017 तक भारत में कुल 28.57 करोड़ जारी किये गये थे जिनमें 19.45 करोड़ यानी 68 प्रतिशत पुरुषों के नाम है जबकि महज 9-12 करोड़ यानी 32 प्रतिशत महिलाओं के नाम हैं।
  45. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष द्वारा 22 जनवरी, 2018 को जारी ‘वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक’ के अनुसार 2018 में चीन के 6.8 फीसद की तुलना में भारत की अर्थव्यवस्था 7.4 फीसद की दर से आगे बढ़ेगी। पिछले साल भारत की विकास दर नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लागू करने की शुरुआती दिक्कतों के चलते कम रही थी। आइएमएफ ने 2019 में भारत की विकास दर 7.8 फीसद रहने का अनुमान व्यक्त किया है। अक्टूबर, 2017 में जारी डब्ल्यूईओ में भी 2018 और 2019 में भारत की विकास दर का अनुमान क्रमश: 7.4 और 7.8 फीसद ही रखा गया था। 2019 में चीन की विकास दर 6.4 फीसद रहने का अनुमान है।
  46. हैदराबाद स्थित अंतरराष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान (इक्रीसेट) के शोधकर्ताओं ने देश के अन्य शोध संस्थानों के साथ मिलकर मूंगफली की नई किस्म विकसित किया है जो किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। यह स्पेनिश एवं वर्जिनिया गुच्छे वाली मूंगफली की प्रजाति है, जिसे भारत में खेती के लिए अनुकूलित किया गया है। देश के किसान कन्फेक्शनरी उत्पादों में बहुतायत में उपयोग होने वाली तेल की उच्च मात्र युक्त मूंगफली की इस नई किस्म की खेती करके फायदा उठा सकते हैं।
  47. नासा के गोडार्ड इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस स्टडीज (जीआइएसएस) के वैज्ञानिकों के अनुसार साल 2017 अब तक उपलब्ध रिकार्ड में दूसरा सबसे गर्म साल माना जा रहा है। पिछले साल विश्व का औसत तापमान 1951 से 1980 के औसत तापमान से 0.90 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म था। 2016 के बाद गत वर्ष में पृथ्वी का औसत तापमान सबसे अधिक था। हालांकि, नेशनल ओशियनिक एंड ऐटमॉस्फेरिक ऐडमिनिस्टेशन (एनओएए) के अनुसार 2017 तीसरा सबसे गर्म साल था। दोनों संस्थानों के आंकड़ों में अंतर अलग-अलग तकनीक से वैश्विक तापमान का विश्लेषण करने के कारण आया है।
  48. जर्मनी के ट्यूबिन्जिन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेडिसिन और ड्यूशेन कंपनी के वैज्ञानिकों ने मलेरिया के उपचार के लिए फोस्मिडोमाइसिन और पाइपरक्वीन नामक दो दवाओं का नया संयोजन विकसित किया है। यह संयोजन इस घातक बीमारी का सुरक्षित और प्रभावी तरीके से इलाज कर सकता है। क्लीनिकल ट्रायल में इसे खरा पाया गया है। के संयोजन की क्षमता और सुरक्षा का परीक्षण किया।
  49. संपूर्ण पृथ्वी के अपने पहले परिक्रमा अभियान के दौरान आईएनएसवी तारिणि 22 जनवरी 2018 को पोर्ट स्टैनली (फ़ॉकलैण्ड द्वीप) में प्रवेश कर गयी है। यह धरती की परिक्रमा करने का भारत का पहला ऐसा अभियान जिसमें चालक दल के सभी सदस्य महिलायें हैं। इस नौका का नेतृत्व लेफ्टिनेण्ट कमाण्डर वर्तिका जोशी कर रही हैं और ले. कमाण्डर प्रतिभा जामवाल एवं पी. स्वाति और लेफ्टिनेण्ट एस. विजया देवी, बी. ऐश्वर्या और पायल गुप्ता चालक दल में शामिल हैं। रक्षामंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आईएनएसवी तारिणि को 10 सितंबर 2017 को गोवा से झण्डा दिखाकर रवाना किया था।
  50. भारत सरकार, उत्तराखंड सरकार एवं विश्व बैंक ने 22 जनवरी 2018 को नई दिल्ली में उत्तराखंड के पहाड़ी राज्य के ‘नगरीय-शहरी क्षेत्रों’ में जलापूर्ति सेवाओं की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए 120 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किये।
  51. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जर्मनी के बर्लिन में चल रही दसवीं विश्व आहार एवं कृषि सभा के दौरान 20 जनवरी 2018 को आयोजित कृषि मंत्रियों के सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया.
  52. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) योजना के तहत घरों में शौचालयों (टॉयलेट) के निर्माण में महाराष्ट्र अव्वल रहा है। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: गुजरात और मध्य प्रदेश हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल नवंबर तक करीब 42.72 लाख घरों में शौचालयों का निर्माण किया गया, जबकि लक्ष्य 66.42 शौचालयों के निर्माण का था। मालूम हो कि स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत 2 अक्टूबर, 2014 को हुई थी ताकि 2 अक्टूबर, 2019 तक खुले में शौच, कूड़े का हाथों के जरिये निस्तारण खत्म करके शहरी कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
  53. भारत 23-24 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में अंतर्राष्ट्रीय बांध सुरक्षा सम्मेलन – 2018 का आयोजन करेगा। केरल के मुख्यमंत्री श्री पिनारई विजयन सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
  54. राज्य में आये दिन भूख से होने वाली मौत की खबरों की सच्चाई जानने के लिए झारखंड के वित्त मंत्री ने भूख से होने वाली मौत को परिभाषित करने का निर्देश दिया है।
  55. बिहार के 4.5 करोड़ लोगों ने 21 जनवरी, 2018 को दहेज व व बाल विवाह उन्मूलन का संकल्प लेने हेतु 14 हजार किलोमीटर की मानव श्रृंखला बनाया। विगत वर्ष बिहार के लोगों ने नशे के खिलाफ मानव श्रृंखला बनायी थी।
  56. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्ड और नॉर्वे की प्रधानमंत्री एर्ना सॉल्बर्ग के अनुसार यदि देश की श्रमशक्ति में महिलाओं की उपस्थिति भी पुरुषों जितनी हो जाए तो इससे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 27 फीसद तक की वृद्धि होगी।
  57. अमेरिका के राइस यूनिवर्सिटी और ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के वैज्ञानिकों को साझा शोध में दक्षिण पश्चिम नाइजीरिया के इले-इफे इलाके में स्थित इग्बो ओलोकुन की खोदाई में 12,000 ग्लास बेड और ग्लास निर्माण में उपयोग किया जाने वाला सामान भारी मात्रा में मिला है। इससे यह सिद्ध होता है कि यह क्षेत्र सैकड़ों वर्ष तक ग्लास बनाने का केंद्र था। 11 से 15 वीं शताब्दी के बीच इगबो ओलोकुन इलाके में ग्लास के उत्पादन होता था।
  58. इथोपिया के सोलोमन देकसिया व और अमाने गोबाने ने 21 जनवरी , 2018 को मुंबई में आयोजित मैराथन में क्रमशः पुरुष व महिला वर्ग का खिताब जीता।
  59. अमेरिका की ब्रिघम यंग यूनिवर्सिटी और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने एक नई एआइ (कृत्रिम बुद्धि) प्रणाली विकसित करने में सफलता हासिल की है। यह प्रणाली इंसानों से बेहतर सौदे कर सकती है और रिश्तों को प्रभावी ढंग से बनाए रखने में भी सक्षम है। शोधकर्ताओं ने इसके लिए एस हैश एल्गोरिद्म के साथ मशीनों को तैयार किया और उसकी कार्यक्षमता देखने के लिए दो खिलाड़ी वाले खेल पर आजमाया।
  60. इंडोनेशिया का पूर्वी प्रांत पापुआ खसरे की चपेट में है। इसकी वजह से वहां करीब 100 बच्चों की जान जा चुकी है। मरने वाले सभी बच्चे कुपोषण के भी शिकार बताए जा रहे हैं।
  61. मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अमेरिका के हालिया अध्ययन में सामने आया है कि सौरमंडल विकसित होने के 20 लाख वर्ष बाद (वर्तमान से 4.56 अरब वर्ष पूर्व) उल्कापिंड पृथ्वी पर पानी लेकर आए थे। तब धरती का आकार वर्तमान का केवल 20 फीसद ही था।
  62. कनाडा की अल्बर्ट यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने जीनोम और डीएनए में रासायनिक विधियों द्वारा बदलाव कर एक कृत्रिम संक्रमित हार्सपाक्स वायरस को कृत्रिम रूप से दोबारा तैयार कर दिया। इससे चेचक की पहले से कहीं ज्यादा प्रभावी वैक्सीन बनाने में मदद मिल सकती है। इस खोज से यह जाहिर होता है कि तकनीक आधारित कृत्रिम डीएनए का उपयोग जन स्वास्थ्य के उपायों को और बेहतर बनाने में हो सकता है।
  63. केंद्रीय विज्ञान मंत्रालय ने चौथा भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान समारोह लखनऊ में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
  64. सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी ओएनजीसी ने देश की तीसरी सबसे बड़ी तेल रिफाइनिंग और मार्केटिंग कंपनी एचपीसीएल में सरकार की पूरी हिस्सेदारी खरीदने का सौदा किया है। 36,915 करोड़ रुपये का यह सौदा जनवरी के अंत तक पूरा हो जाएगा।
  65. केंद्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 20 जनवरी, 2018 को ‘भारत के वीर’ पहल का आधिकारिक गान जारी किया। इससे संगीतकार व गायक कैलाश खेर हैं।
  66. भारतीय मूल की अमेरिकी मनीषा सिंह को ट्रंप प्रशासन में आर्थिक व उद्योग संबंधी मामलों का सहायक विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली मनीषा सिंह इस पद का कार्यभार लेने वाली प्रथम महिला होंगी।
  67. उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडु को श्रीमती शारदा चिरुवोलु की पुस्तक ‘होम एट लास्टः अ जर्नी टू हायर कंससनेस’ पुस्तक की पहली प्रति 20 जनवरी, 2018 को भेंट की गई।
  68. भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में 20 जनवरी, 2018 को आयोजित 5वां विश्व दृष्टिहीन क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान को दो विकेट से पराजित कर खिताब जीता। भारत के समक्ष 40 ओवर में 308 रन का लक्ष्य निर्धारित था। भारत चौथा विश्व दृष्टिहीन क्रिकेट विश्व कप का भी विजेता रहा है।
  69. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आइसर), भोपाल में हुए शोध में डी-29 वायरस के जरिये कैंसर कोशिकाओं को खत्म करने का प्रयोग सफल रहा है। वायरस डी-29 में कुछ ऐसे प्रोटीन हैं, जो कैंसर कोशिका के भीतर होल बनाकर उसकी डीएनए चेन को नष्ट करने की क्षमता रखते हैं।
  70. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 20 जनवरी, 2018 को अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण कार्य करने वाली 112 महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें सिर्फ पारंपरिक पेशों से ही नहीं बल्कि गैर-पारंपरिक क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें देश की पहली महिला कुली, पहली महिला ऑटो रिक्शा ड्राइवर, पहली महिला बस एवं ट्रेन ड्राइवर और पहली महिला बारटेंडर तक शामिल हैं।

समसामयिक वस्तुनिष्ठ प्रश्न (20-30 जनवरी, 2018)

करेंट वनलाइनर (10-19 जनवरी, 2018)

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *