वृंदावन में 1000 विधवाओं के गृह, कृष्ण कुटीर का उद्घाटन

  • केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी के साथ 31 अगस्त 2018 को उत्तर प्रदेश स्थित मथुरा के वृंदावन में एक समारोह के दौरान विधवाओं के गृह ‘कृष्ण कुटीर’ का उद्घाटन किया।
  • कृष्ण कुटीर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मंत्रालय की स्वाधार गृह योजना के तहत 1000 विधवाओं के लिए निर्मित एक विशेष गृह है और किसी सरकारी संगठन द्वारा सृजित अपनी तरह का अब तक का सबसे बड़ा सुविधा केंद्र है।
  • जिला प्रशासन द्वारा गृह के निकट चार एकड़ का एक क्षेत्र भी आवंटित किया गया है जिसे एक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा एवं इसका उपयोग गृह की विधवाएं कर सकती हैं।
  • विधवाएं विभिन्न समितियों का हिस्सा होंगी जिनका निर्माण विधवाओं के गृह को प्रबंधित करने के लिए किया जाएगा।
  • विधवाओं के गृह कृष्ण कुटीर का निर्माण राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) द्वारा 57.48 करोड़ रुपये (भूमि की लागत सहित) की लागत से 1.4 हेक्टेयर भूमि पर किया गया है जिसमें 1000 निवासियों के रहने की सुविधा है। इसमें सुंदरता से बनाए गए 100 कमरे/शयनागार हैं। गृह की डिजाइन हेल्प एज इंडिया के परामर्श से तैयार की गई है और बुजुर्गों के लिए सुविधाजनक है। यह रैम्प, लिफ्ट, पर्याप्त बिजली की आपूर्ति, जल एवं वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अन्य सुविधाओं सहित भूतल एवं तीन मंजिल से निर्मित है।
  • यह गृह एक विशाल आधुनिक रसोई घर एवं कौशल सह प्रशिक्षण केंद्र से भी सुसज्जित है। इसमें दो डिस्पेंसरियां एवं फिजियोथेरैपी सुविधाएं हैं और यहां रहने वाले निवासियों की नियमित चिकित्सा जांच की जाएगी। गृह के निर्माण का वित्त पोषण केंद्र सरकार द्वारा किया गया है और इसका प्रबंधन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा।
  • नेटिजन (इंटरनेट के उपयोगकर्ताओं) के साथ कनेक्ट करने के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर ‘नेम द वृंदावन आश्रम’ नामक एक महीने भर चलने वाली प्रतियोगिता (नवंबर-दिसंबर 2017) चलाई थी। कृष्णा कुटीर की सुश्री सुनीता कत्याल की प्रविष्टि को चयन समिति द्वारा विजयी प्रविष्टि माना गया था। श्रीमती मेनका संजय गांधी ने 2016 में इस परियोजना का निर्माण आरंभ किया था।
  • विधवाओं के गृह का निर्माण महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा वृंदावन में दयनीय स्थिति में रहने वाली विधवाओं की दुर्दशा में सुधार लाने के लिए किया गया है। मंत्रालय ने वृंदावन में रहने वाली विधवाओं की इस दयनीय स्थिति का संज्ञान लिया जिन्होंने वापस अपने घर या गांव जाने से इंकार कर दिया। उन्हें एक मर्यादित और मानवीय जीवन के लिए उपयुक्त परिस्थितियां उपलब्ध कराने के लिए मंत्रालय ने एक विशिष्ट मामले के रूप में सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ वृंदावन में इस कृष्ण कुटीर का निर्माण किया है।
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बच्चों के लिए आश्रय गृहों के निर्माण हेतु वाराणसी एवं लखनऊ में जमीन आवंटित करेगी जैसा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार वन स्टॉप सेंटर से महिलाओं की हेल्प लाइन 181 को लिंक करने वाला पहला राज्य बन गया है और उसने प्रत्येक जिले में मुसीबत में फंसी महिलाओं के लिए बचाव वैन उपलब्ध कराया है।
  • महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने परित्यक्त एवं आश्रय विहीन महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वाधार योजना आरंभ किया है।

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *